रायगढ़ जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में जूटमिल पुलिस ने ग्राम लहंगापाली में अवैध महुआ शराब के परिवहन पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को जूटमिल पुलिस को ग्राम लहंगापाली में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शराब रेड की कार्रवाई की। इस दौरान पैदल शराब लेकर जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम शिवशंकर किसान (30), पिता बुधुराम किसान, निवासी ग्राम लहंगापाली, थाना जूटमिल, जिला रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो स्प्राइट बोतलों और एक-एक लीटर क्षमता वाली दो पानी की बोतलों में भरी कुल 6 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया।