रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जैमुड़ा में दहेज प्रताड़ना से परेशान नवविवाहिता की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की मर्ग जांच में सामने आया कि शादी के बाद से ही महिला को कम दहेज लाने और मोटरसाइकिल नहीं मिलने की बात कहकर प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोपियों ने करीब चार-पांच महीने पहले कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग भी की थी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ दहेज मृत्यु का अपराध दर्ज कर 7 नवंबर को गिरफ्तार करने के बाद रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम जैमुड़ा निवासी नीता पटेल (34), पति राकेश पटेल का विवाह करीब तीन वर्ष पहले सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के लगभग एक वर्ष बाद से पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल कम दहेज लाने तथा मोटरसाइकिल नहीं लाने की बात को लेकर उससे विवाद करते थे। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट और शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना भी की जाती थी। करीब चार-पांच महीने पहले कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग करते हुए भी उसके साथ विवाद और मारपीट की गई थी।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर नीता पटेल ने 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कराई गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगना बताया गया। मर्ग जांच के दौरान मायके पक्ष के परिजनों के बयान में दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात सामने आई।
मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर थाना प्रभारी भूपदेवपुर निरीक्षक रोशन कौशिक ने 4 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की आगे की जांच एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 7 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में पति राकेश पटेल (34), ससुर बंधुराम पटेल (56) और सास शांति बाई पटेल (52) शामिल हैं। तीनों ग्राम जैमुड़ा के निवासी हैं। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत की गई है।