रायगढ़ जिले के ग्राम भिखारीमाल में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 43 वर्षीय कन्हैया महार की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ते हुए घटना में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बांस का डंडा भी जब्त किया है। बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की रात कन्हैया महार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल संबलपुर, ओडिशा से ट्रेन के जरिए घर लौटा था। घर के बाहर ऑटो चालक को किराया देने के लिए वह बाहर निकला, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया। परिजनों को लगा कि वह बस्ती की ओर गया होगा। रात करीब 1:30 बजे गांव के तीन युवक कन्हैया को अचेत अवस्था में घर लेकर पहुंचे। अगले दिन परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ ले गए।
30 अक्टूबर को कन्हैया के पिता त्रिलोचन महार (70) ने चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, घर छोड़ने आए युवकों से पूछताछ में पता चला कि देर रात कन्हैया का गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान बालक ने बांस के डंडे से कन्हैया के सिर पर वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों के साथ भी मारपीट की गई थी। इस रिपोर्ट पर पुलिस ने मारपीट की धाराओं 296, 31(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
गंभीर रूप से घायल कन्हैया को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, उपचार के दौरान 3 अक्टूबर 2026 की रात उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में रायपुर के गोलबाजार थाने में मर्ग दर्ज किया गया था। मर्ग डायरी चक्रधरनगर थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता को पहले से दर्ज अपराध में जोड़ा।
इसके बाद पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया। बालक को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेजने का आदेश दिया गया। मामले की विवेचना में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा और प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चंद्राकर की भूमिका रही।